ज्ञानपुर। स्नातक और शिक्षक एमएलसी के चुनाव के लिए मतदाता बनने की प्रक्रिया चल रही है। दो बार तिथि बढ़ा कर मतदाता फार्म ब्लॉक स्तर पर लिए गए। अब तक जिले में आठ हजार 998 स्नातकों और 1275 शिक्षकों ने मतदाता बनने के लिए आवेदन किया है। जिला निर्वाचन कार्यालय की तरफ से आवेदनों की जांच कर मतदाताओं की सूची तैयार की जाएगी।
स्नातक एमएलसी संग शिक्षक एमएलसी का चुनाव अप्रैल और मई 2020 में संभावित है। इसके तहत जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, चंदौली, वाराणसी, भदोही, मीरजापुर, सोनभद्र जिलों को लेकर चुनाव होगा। जिले में शिक्षक और स्नातक में छह स्थलों पर मतदाता बनाने के लिए फॉर्म लिए गए। 20 नवंबर तक आवेदन करने की अंतिम तिथि थी। इसके बाद पांच दिसंबर तक सभी बीडीओ पदाभित अधिकारी और आरओ, एआरओ से फॉर्मों की जांच कराई जाएगी। इसके बाद 10 दिसंबर तक मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन होगा। फिर इसके बाद लोग मतदाता बनने के लिए 26 दिसंबर तक दावा आपत्ति कर सकते हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी लालजी यादव ने बताया कि मतदाता सूची के लिए अभी 20 नवंबर तक फॉर्म प्राप्त हुए हैं, अब इनकी जांच करने के बाद मतदाता सूची तैयार की जाएगी। उसके बाद दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। उन्होंने कहा कि 14 जनवरी 2020 को अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।