ज्ञानपुर। पुलिस लाइन में आयोजित 22वीं जिलास्तीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। अंतिम दिन खेलकूद का आयोजन किया गया। 271 अंकों के साथ भदोही ब्लॉक ओवरआल चैंपियन बना।
प्राथमिक स्तर में 50, 100 और 200 मीटर दौड़ में संदीप यादव व्यक्तिगत चैंपियन रहे। बालिका वर्ग में ज्ञानपुर की प्रीती और डीघ की रिंकी अव्वल रहीं। पूर्व माध्यमिक विद्यालय स्तर पर औराई के राहुल बालक वर्ग में प्रथम, बालिका में ज्ञानपुर की हर्षिता मौर्य और डीघ की काजल यादव संयुक्त रूप से प्रथम रहीं। ओवरआल चैंपियनशिप में 271 अंकों के साथ भदोही ब्लॉक प्रथम, 146 अंक के साथ ज्ञानपुर द्वितीय और 101 अंक लेकर औराई तीसरे स्थान पर रहा। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई संग खेेलकूद जरूरी है। खेलकूद से शरीर स्वस्थ रहता है। जो स्वस्थ रहता है वही जीवन का सुख ले पाता है। बालिकाओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि वह साइना नेहवाल, बबिता फोगाट बनकर देश का नाम रोशन करें। बीएसए अमित कुमार ने कहा कि जिले के बच्चों की प्रतिभा देखकर लग रहा है कि इस बार प्रदेश स्तर पर अधिक मेडल मिलेंगे। इस मौके पर हरिश्चंद्र पाठक, अखिलेश यादव, मनोज कुमार उपाध्याय, सूर्यकंत मौर्य, दिलीप सिंह, राजेंद्र प्रसाद बिंद, जितेंद्र त्रिपाठी, योगेंद्र बहादुर सिंह, मुकुल त्रिपाठी, वेद प्रकाश, इंद्रजीत बिंद, पूजा मिश्रा, ज्योति आदि रहीं।