भदोही। कटरा बाजार से छितनी तालाब होते हुए घमहापुर से बाईपास जाने वाले मार्ग की दुर्दशा को लेकर रविवार को आल इंडिया मुस्लिम इत्तेहाद मुस्लेमीन (एआईएमआईएम) के युवा प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर नगर पालिका से तत्काल निर्माण कराने की मांग की। युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष ताबिश अंसारी ने कहा कि सीवर बिछाने के बाद से मार्ग को बदहाल छोड़ दिए जाने से इस पर महीनो से आवागमन अवरुद्ध है।
सदस्य छितनी तालाब केयर एंड फेयर हास्पिटल के पास जमा हुए। मार्ग की दयनीय स्थिति देखने के बाद रोष व्यक्त किया। युवा अध्यक्ष ने कहा कि यह मार्ग आधा दर्जन मोहल्लों को जोड़ती है। यह बाईपास जाने के लिए शार्टकट रास्ता है। हर रोज सैकडो स्कूली बच्चे भी इस पर आते जाते हैं लेकिन सीवर बनने के बाद से इसे वैसे ही छोड़ दिया गया है जिससे परेशानी बढ़ती जा रही है।
लोगों ने इसके लिए नगर पालिका को जिम्मेदार ठहराते हुए अविलंब निर्माण कराने की मांग की। इस मौके पर जिला महासचिव युवा सलमान हाशमी, दानिश, कफील अहमद, डा.आरिफ, अहमद ड्राइवर, मुस्लिम, एड.आमिर, इम्तीयाज, आदि शामिल रहे।