औराई। तकरीबन एक घंटे की झमाझम बारिश से बुधवार को वाराणसी-प्रयागराज हाईवे औराई में मानो झील बन गया। इससे सामान्य जनजीवन जहां अस्त-व्यस्त हो गया, वहीं हाईवे को सिक्स लेन बनाने वाली कार्यदायी संस्था की लापरवाही के चलते सर्विस लेंन, लिंक रोड पर आधे अधूरे बने नालों का पानी लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया है। इन दिनों हाईवे को सिक्स लेन में तब्दील किया जा रहा है, जहां कार्यदायी संस्था की ओर से सर्विस लेन के बगल नाले का निर्माण कराया गया है, किंतु नाला जगह-जगह आधा अधूरा पड़ा हुआ है। साथ ही दोनों ओर से आने वाले नाले के पानी की निकासी कहां होगी, यह भी न तो कार्यदायी संस्था को मालूम है और न ही विभागीय अधिकारियों को। हल्की सी बारिश होने पर भी मनमाने तरीके से पानी लोगों के घरों और दुकानों में घुस रहा है। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाईवे के सर्विस लेन पर हल्की सी बरसात होने पर भी एक फीट तक पानी जमा हो जाता है। इससे आवागमन दूरूह हो रहा है। हाईवे से लिंक रोड पर भी नाले का पानी एक धारा की तरह बहता है। कई बार विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के लोगों का ध्यान आकृष्ट कराया गया, लेकिन पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। अब लोग इस लापरवाही और विभागीय उदासीनता को देखकर सड़क पर उतरने का मन बनाने लगे हैं।