चौरी। एक माह से बेपटरी हो चुकी विद्युत आपूर्ति के खिलाफ रविवार को व्यापारियों ने लामबंद होकर चौरी बाजार में प्रदर्शन किया। अव्यवस्था को बढ़ावा दे रहे अधिकारियों-कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कटौती पर अंकुश नहीं लगा तो वह सड़क जाम करेंगे।
चौरी बाजार में व्यापारियों ने विभाग के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर नाराजगी जाहिर की। एक माह से मनमानी बिजली कटौती से हर तबका परेशान हो गया है। व्यापारियों ने कहा कि आपूर्ति कब होगी इसका न तो कोई समय निर्धारित है और न रोस्टर। व्यापारिक क्षेत्र के होने के कारण काफी हद तक व्यापार भी शाम कालीन कटौती से चौपट हो रहा है। प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ पेयजल और हवा तक के लिए तरस जा रहे हैं। नियमित ढंग से बिजली न मिलने पर विद्युत उपकरण भी बेकार बने हैं। छात्रों की पढ़ाई के अलावा खेतीबारी भी चौपट हो रही है। बिल को वसूलने के लिए अधिकारी-कर्मचारी अभियान चला कर शोषण करते हैं। अब जितनी बिजली उतने ही बिल के भुगतान की आवाज बुलंद की गई। प्रदर्शन करने वालों में व्यापारी मनोज मिश्रा, अरविंद चौहान, अवधेश दुबे, मुनकु पटेल, सर्वजीत पटेल, ज्ञानप्रकाश आदि शामिल रहे।