घोसिया। स्टेट बैंक के पास बृहस्पतिवार को संपन्न हुए करामाती शहीद बाबा के सालाना उर्स पर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने पहुंच कर मत्था टेका। सुबह से लेकर देर शाम तक चले चादरपोशी और फातिहाख्वानी में शिरकत कर जायरीनों ने शिरनी चढ़ाई।
मान्यता है कि रहमतुल्ला अलैह शहीद बाबा का आस्ताना चार सौ वर्ष पुराना है। मुराद मांगने वालों पर उनकी विशेष रहमत बरसती थी उसी को लेकर वह करामाती बाबा के नाम से ख्याति प्राप्त बाबा का बारह आलिया सालाना उर्स-ए-पाक आज ही के दिन संपन्न कराया जाता है। अलसुबह गुश्ल के बाद कुरआनख्वानी से उर्स का आगाज कराया गया। उर्स में सजीं दुकानों पर महिलाएं, युवतियां घर-गृहस्थी से जुड़े सामानों की खरीदारी करने में व्यस्त रहीं वहीं युवा, बच्चे मिष्ठान, चाट-फुल्की, मनारेंजन के संसाधनों पर पहुंच कर देर रात तक लुत्फ उठाते रहे। आस्ताने में हलुआ, खुरमा, लाचीदाना, बिरयानी, मलीदा चढ़ाकर दुआख्वानी का क्रम अनवरत जारी रहा। उर्स में भव्य सजावट के अलावा सौंदर्य प्रसाधन की सजीं दुकानों समेत अन्य प्रकार की सजीं दुकानें आकर्षण के केंद्र बने रहे। मुजावर अफसर ने बताया कि भीड़ की अधिकता के बाद भी सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन गंभीर नहीं रहा। इस मौके पर इम्तियाज अहमद, सोफियान अहमद, शाहजाद, विवेक गुप्ता, मोहित माली, शमशाद, अब्दुल आदि मौजूद रहे।