गोपीगंज। नगर में ट्रांसफार्मरों के जलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले थाना फिर बस स्टैंड के बाद पश्चिम मोहाल और नगर पालिका परिषद के सामने लगा चार सौ केवीए का ट्रांसफार्मर भी जल गया। इससे नगर के बड़े हिस्से में मुश्किलें बढ़ गईं हैं।
नगर पालिका के पास लगे ट्रांसफार्मर का फ्यूज बार बार उड़ रहा था मगर विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया, जिसका परिणाम यह रहा कि ट्रांसफार्मर जल गया। ट्रांसफार्मर जलने से जहां इससे जुड़े क्षेत्रों में दूसरे दिन भी अंधेरा छाया रहा, वहीं पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई। नागरिकों ने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही और रखरखाव के अभाव में ट्रांसफार्मर जल रहे हैं। दूसरी ओर विभाग इसे ओवरलोड का मामला बताकर पल्ला झाड़ रहा है। नागरिकों का कहना है कि बरसात के मौसम में ट्रांसफार्मर पर कुछ विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता होती है, लेकिन शिकायत के बावजूद इस पर ध्यान नहीं दिया जाता। इसका परिणाम उपभोक्ता को भुगतना पड़ता है। मंगलवार शाम को ट्रांसफार्मर जलने से पूरे गुलाब स्थित नलकूप नहीं चल पाया, जिसके चलते कई मोहल्लों में अंधेरा व्याप्त रहा। पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो पाई। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के नगर अध्यक्ष श्रीकांत जायसवाल और उपाध्यक्ष रमेश कौशल ने बिजली विभाग के अवर अभियंता से मुलाकात कर स्थिति को देखते हुए ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की है।