पशु तस्करी न रुकी तो एसओ और एसपी होंगे जिम्मेदार
- फोटो : अमर उजाला
भदोही के भाजपा विधायक रवींद्रनाथ त्रिपाठी ने कहा कि अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव लाएं। 15 दिन के अंदर कमीशनखोरी की प्रथा को खत्म कर दें। भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री का सख्त निर्देश है न मानने वाले अफसरों पर कार्रवाई होगी।
जीटी रोड पर हो रही पशु तस्करी पर विराम लगे अन्यथा एसओ और एसपी जिम्मेदार होंगे।
वह मंगलवार को भाजपा के जिला कार्यालय पर पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी जिले में अवैध ढंग से चलने वाले स्लाटर हाउस को तीन दिन के अंदर बंद कराएं। गौ तस्करी में लिप्त रहने वाले अधिकारी यह जान लें कि सरकार बदल गई है।
उन्होंने कहा कि गांव देश का विकास गांव से होता है। ग्राम प्रधानों से विकास कार्यों के लिए 40 फीसदी कमीशन लेने की बात सामने आई है। यह प्रथा 15 दिन के अंदर सेक्रेटरी, बीडीओ समेत अन्य अधिकारी बंद कर दें नहीं तो शासन से शिकायत कर कार्रवाई कराई जाएगी।
जनपद सृजन के 23 साल बाद तक जो नहीं हुआ वह एक साल में सरकार कराएगी। उन्होंने कहा कि सुरियावां स्टेशन पर कामायनी एक्सप्रेस और इंटरसिटी के ठहराव के लिए रेल मंत्री से मिलेंगे।
विधानसभा में सड़क, बिजली, पेयजल की समस्याओं को सुधारने के लिए जनता से सीधे संवाद किया जाएगा। जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक ने कहा कि सूबे के नए मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर सख्त रहेंगे।