Bhadohi News: भदोही जिले की कोतवाली क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हुआ। सिंहपुर गांव के पास ट्रैक्टर की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
भदोही जिले की कोतवाली क्षेत्र के सिंहपुर गांव के पास शनिवार की सुबह बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से आयुष (20 वर्ष) पुत्र योगेश पांडेय निवासी सिंहपुर की मौत हो गई। आयुष माता-पिता का इकलौता बेटा था। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। वहीं घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
विज्ञापन
क्या है मामला
योगेश पांडेय के परिवार में 19 जून को शादी होनी थी। घर और गांव के लोग वाराणसी के कपसेठी में बरात में गए थे। शनिवार की सुबह अधिकतर लोग बरात से चले आए। सुबह करीब आठ बजे आयुष पांडेय सब्जी लेने के लिए ज्ञानपुर मंडी के लिए निकला। अभी घर से कुछ दूर ही आया था कि ज्ञानपुर-गोपीगंज मार्ग पर गोपीगंज की तरफ से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
आनन-फानन परिजन घायल आयुष को जिला अस्पताल ज्ञानपुर लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शादी के अगले दिन घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
विज्ञापन
कोतवाली प्रभारी एके राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। एक माह में खनन में लगे ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत की दूसरी घटना है। 25 दिन पूर्व औराई के विक्रमपुर गांव के पास अवैध मिट्टी खनन में लगे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक छात्र की मौत हो गई थी।