Bengal Chunav Result 2026: भदोही जिले के कटका के दिलीप सिंह पश्चिम बंगाल की चंपदानी सीट से 179 वोटों से चुनाव जीते। दिलीप ने रामलीला के मंच से विधायक तक का सफर तय किया है। वे रामलीला में लक्ष्मण की भूमिका निभाते थे।
भदोही के कटका निवासी दिलीप सिंह भी पश्चिम बंगाल की चंपदानी विधानसभा सीट से भाजपा विधायक चुने गए हैं। वह रामलीला में लक्ष्मण का किरदार निभाते थे लेकिन 1995 में पश्चिम बंगाल गए। वहां पर रेडीमेड गारमेंट का बिजनेस शुरू किया। कारोबार के दौरान वह गांव आते-जाते रहे हैं। उनकी जीत का अंतर 179 वोट है।
विज्ञापन
पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट से मैदान में उतरे थे, लेकिन हार का सामना करना पड़ा था। भदोही के बाबूसराय से सटे कटका गांव निवासी दिलीप सिंह बाबूसराय रामलीला समिति के बैनर तले होने वाली रामलीला में लक्ष्मण बनते थे और अभिनय का लोहा मनवाते थे। 1988 से 1995 तक वह लक्ष्मण का किरदार निभाते रहे। वर्ष 2021 में उन्होंने चंपदानी सीट से भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी अरिंदम गुइन के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
इस बार भाजपा की टिकट पर तृणमूल कांग्रेस के विधायक अरिंदम गुइन को 179 वोट से हरा दिया। उनकी जीत के बाद गांव और बाजार में खुशी का माहौल है। सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। दिलीप सिंह पांच बहन और दो भाइयों में छठवें नंबर पर हैं। कटका में उनके भाई राजू सिंह गले और हाथ के गंडे का बिजनेस करते हैं। अपने भाई के चुनाव प्रचार के लिए वे बीते 10 दिनों से पश्चिम बंगाल गए हुए हैं।