गोपीगंज। जय गुरु देव आश्रम चकपड़ौना गोपीगंज में मथुरा से आए राष्ट्रीय प्रवक्ता बाबूराम जी ने बाबा जय गुरु देव महाराज के अनमोल वचनों का स्मरण कराते हुए कहा कि इंद्रियों को संयमित रखने के लिए शाकाहारी व सदाचारी जीवन जीना होगा। आश्रम में सत्संग का शुभारंभ करते हुए कहा कि बड़े भाग्य से मानव का चोला मिला है और इसी तन में रहते हुए ईश्वर की प्राप्ति ही जीवन का परम ध्येय होना चाहिए, लेकिन हम सभी महाठगिनी माया के बुने संसार के आकर्षण में ईश्वर से दूर होते जा रहे है। सत्संग सुनाते हुए उन्होंने कहा कि इंद्रियों पर संयम अति आवश्यक है। इंद्रियां जब भोग में लिप्त हो जाती हैं तो उसकी पूर्ति के लिए मनुष्य गलत कार्यों में लग जाता है और समाज का पतन होने लगता है। इंद्रियों को संयमित रखने के लिए शाकाहारी व सदाचारी जीवन अति आवश्यक है। हमारे पूर्वजों ने शाकाहार व्रत धारण करके ही इंद्रियों पर विजय प्राप्त की और मोक्ष प्राप्त किया। शाकाहार अपनाने पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने बताया कि मांसाहार के सेवन से मानव को दूर रहना चाहिए। उन्होंने महामारियों का उदाहरण देते हुए कहा कि कोविड, निपाह, बर्ड फ्लू जैसे रोग इंसानी जिस्म में पशुओं के रक्त के मिल जाने के कारण ही हुए और ऐसी बीमारियां लाइलाज रहीं। बताया कि अभी हाल ही में मेडिकल साइंस ने ये सिद्ध भी किया कि कोरोना काल में शाकाहार व योग को अपनाने वाले लोगों की प्रतिरोधक क्षमता अन्य की तुलना में बेहतरीन रही। उन्होंने चेताते हुए कहा कि प्रकृति के कोप से बचने के लिए बुरी प्रवृत्तियों का नाश बेहद आवश्यक है। हमें जीवों पर दया करनी चाहिए व प्रकृति का सभी रूपों में सरंक्षण करना चाहिए। तभी धरती पर मानव का भविष्य सुखद व सुरक्षित होगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष प्रेम शंकर मौर्य, ज्ञानप्रकाश श्रीवास्तव रमाशंकर, गुलाब, जगदीश चंद्र श्रीवास्तव, प्रेम, नेहा, वकील, कैशियर, रमाकांत आदि मौजूद रहे।