महर्षि आज़ाद राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन करते जिपं अध्यक्ष । स्रोत आयोजक
सुरियावां। तेजधर ब्रह्म बाबा खेल समिति की ओर से रविवार को मेढ़ी मैदान पर महर्षि आजाद राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले मैच में बांदा ने पड़रौना को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पड़रौना की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 152 रन बनाए। पड़रौना की ओर से अमन तिवारी (42 रन), विवेक (34 रन) और सुजीत (23 रन) ने उपयोगी पारियां खेलीं। बांदा की ओर से गेंदबाजी में शिव और धीरज मिश्रा ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि अमित, विक्की और सलमान को एक-एक सफलता मिली। 153 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांदा की टीम ने सलमान के शानदार अर्द्धशतक की बदौलत 19 ओवर में सात विकेट खोकर 155 रन बनाकर मैच जीत लिया। सलमान के अलावा अमित सिंह (29 रन) और गुड्डू (24 रन) ने भी अहम योगदान दिया। पड़रौना की ओर से गेंदबाजी में दिग्विजय को तीन विकेट, जबकि अमन मेहताब और सुजीत को एक-एक विकेट मिला। इस मौके पर प्रतीक महर्षि दुबे, संजय श्रीवास्तव, अमर बहादुर सिंह, कृष्णावतार त्रिपाठी ‘राही’, डॉ. अजय पांडेय, राजेंद्र प्रसाद सिंह, विजय शंकर राय, राजमणि पांडेय, राजकुमार सरोज, माता स्वरूप शुक्ला, स्वरूपा बिंद, नागेंद्र उपाध्याय, निशांत पाठक आदि रहे।