भदोह जंघई रेल मार्ग पर बृहस्पतिवार को कई ट्रेनें निरस्त रहीं। शुक्रवार को यानी आज 15127 बनारस-नई दिल्ली केवी एक्सप्रेस रद्द रहेगी। इसी प्रकार एक जोड़ी ट्रेन परिवर्तित मार्ग से चलाए जाने से भदोही से होकर नहीं जा रही है। वहीं दो ट्रेनें ऐसी रहीं जो 5 घंटे अधिक देरी से चल रही थीं। लोगों का कहना है कि महाकुंभ के समापन हो जाने से अब ट्रेनों की समस्या ठीक हो सकती है।
रेलवे की ओर से बृहस्पतिवार को दुर्ग-छपरा के बीच चलने वाली अप डाऊन सारनाथ एक्सप्रेस रद्द रही। जम्मू तवि से पटना को जाने वाली 12356 अर्चना एक्सप्रेस भी रद्द रही। जहां देरी से चलने वाली ट्रेनों का सवाल है, तो इसमें आज छपरा से चल कर चेन्नई को जाने वाली गंगा कावेरी एक्सप्रेस पौने 9 घंटे विलंब से भदोही स्टेशन पर पहुंची।
इसी प्रकार अमृतसर से हावड़ा को जाने वाली 13006 पंजाब मेल साढ़े 5 घंटे विलंब से चल रही थी। 11071 व 72 कामायनी एक्सप्रेस आज भी डाईवर्ट होकर चलने से मुंबई की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी कष्ट झेलना पड़ रहा है। एलटीटी से गोरखपुर के बीच चलने वाली 15017 काशी एक्सप्रेस हलांकि भदोही आ रही है, लेकिन बदले रास्ते से चलाए जाने से यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। कहा जा रहा है कि अब महाकुंभ का समापन हो चुका है। अब ट्रेनें पटरी पर लौट सकती हैं।