रिश्तेदार से संपत्ति विवाद में फंसे भदोही जिले के ज्ञानपुर के बाहुबली विधायक विजय मिश्र की पेशी शुक्रवार को यहां कोर्ट में नहीं होगी। पुलिस रिमांड लेगी। पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने कहा कि पेशी नहीं होगी। चूंकि वह पहले से ही जेल में हैं, इसलिए पुलिस अन्य न्यायिक विकल्पों के जरिए रिमांड ले लेगी। कोरोना काल में पेशी पर रोक लगी है।
गौरतलब है कि धनापुर गांव निवासी रिश्तेदार कृष्णमोहन तिवारी के मकान कब्जा करने और अन्य संपत्ति को वसीयत कराने के आरोप में विधायक विजय मिश्र, पत्नी एमएलसी रामलली मिश्रा और पुत्र विष्णु मिश्रा के खिलाफ गोपीगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। गत दिनों पुलिस ने मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले से गिरफ्तार को विधायक को जेल भेजा। न्यायिक हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया जाना था, लेकिन पेशी नहीं होगी।