ज्ञानपुर। समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधि मंडल बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी से मिला। इसमें भदोही नगर के स्टेशन रोड पर पुलिस और बदमाशों के मुठभेड़ में जान गंवाने वाले खालिक के परिवार वालों को 10 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग की गई। डीएम ने आश्वस्त किया कि उनकी बातों को वह सरकार तक पहुंचाएंगे।
सपा जिलाध्यक्ष मोहम्मद आरिफ सिद्दीकी के नेतृत्व में 20 से अधिक सपा कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा कि 22 अगस्त की रात में भदोही के स्टेशन रोड स्थित बीडा भवन में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान कोई बदमाश तो घायल नहीं हुआ बल्कि बदमाशों की गाड़ी से वहीं खड़े खालिक को गंभीर चोट लग गई। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार वाले खालिक की मौत से टूट गए हैं। गरीब परिवार को 10 लाख मुआवजा, सरकारी योजनाओं का लाभ और परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी की मांग की गई। मौके पर राजेंद्र एस बिंद, डॉ. बीएन यादव, सभासद दानिश सिद्दीकी, रमाकांत, रमाशंकर, बरकत अली, हरिशंकर यादव, सरफराज, बाबू अंसारी, मुन्ना गौतम, विनोद यादव, शकील दादा, जमील अंसारी आदि रहे।