बहादुरगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष और उसकी पत्नी सहित चार के खिलाफ पुलिस ने गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई कासिमाबाद कोतवाल महेंद्र सिंह की तहरीर पर मंगलवार की शाम की गई।
इससे नगर पंचायत अध्यक्ष के समर्थकों में खलबली मची है। प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह ने तहरीर में बताया है कि बहादुरगंज दक्षिण मोहल्ला निवासी नगर पंचायत अध्यक्ष रेयाज अहमद अंसारी का एक संगठित गिरोह है। गिरोह का सरगना रेयाज अहमद अंसारी है।
उसके गैंग में उसकी पत्नी और नगर पंचायत बहादुरगंज की पूर्व अध्यक्ष निकहत परवीन, पक्का हाता निवासी परवेज जमाल और बहादुरगंज निवासी नजीर अहमद भी शामिल हैं।
गिरोह का सरगना रेयाज अहमद अंसारी अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर आर्थिक और भौतिक लाभ लेने के लिए आईएस-191 गैंग के सरगना रहे मुख्तार अंसारी का साथी बताकर लोगों से बलपूर्वक रंगदारी वसूलने, कूटरचित दस्तावेज तैयार कर छल करने और लोगों की संपत्तियों पर कब्जा जैसे संगीन अपराध में संलिप्त है। रेयाज के खिलाफ धोखाधड़ी, फिरौती मांगने, धमकी देने समेत आधा दर्जन मुकदमें दर्ज हैं। बीते दिसंबर में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था लेकिन वर्तमान में वह जेल से जमानत पर बाहर है। उसकी पत्नी निकहत, परवेज जमाल और नजीर अहमद भी जमानत पर हैं। पूरे मामले की जांच चौकी प्रभारी बहादुरगंज मनोज कुमार सिंह को सौंपी गई है।