बैडमिंटन कोर्ट की खबर में एसपी डॉ. अनिल कुमार। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। जिले के पांच थानों और कोतवाली में बैडमिंटन और वालीबॉल कोर्ट बनाए जाएंगे। इसके लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पहल शुरू कर दी है। इससे सिपाहियों की फिटनेस जहां बेहतर होगी वहीं खेल के माध्यम से तनावमुक्त रहेंगे। दशहरे से पूर्व थानों में बनने वाले कोर्ट में खेलकूद भी शुरू हो जाएगी। जिले में सुरक्षा के दृष्टिगत नौ थाने-कोतवाली और उतनी ही चौकियां बनाई गई हैं। सरकार थानों को आधुनिक बनाने के लिए लाखों रुपये खर्च कर रही है। जिसमें आनलाइन मुकदमा संग अन्य व्यवस्थाएं भी बेहतर हो रही है। जर्जर भवनों के स्थानों पर नए भवन भी बनाए जा रहे हैं। थानों में जगह न होने से खेलकूद की गतिविधियां नहीं हो पाती। इससे 24 घंटे भागदौड़ करने वाले सिपाही से लेकर थानेदार अपने स्वास्थ्य को लेकर ध्यान नहीं दे पाते और समय से पहले मोटापा संग अन्य बीमारी उन्हें अपनी चपेट में ले लेती। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने अब उनकी सेहत में सुधार के लिए पहल की है। खेलकूद से न केवल पुलिसकर्मियों की कार्य क्षमता में ज्यादा सुधार होगा बल्कि वह मानसिक तनाव से भी दूर रहेंगे। एसपी ने बताया कि गोपीगंज, ज्ञानपुर, सुरियावां, भदोही और ऊंज थाने में बैडमिंटन और वालीबॉल कोर्ट बनाने की कार्ययोजना तैयार है। चालान या सीज होने पर वाहनों को थानों में ही खड़ा कर दिया जाता है। इससे वहां की काफी जमीनों में सालों से वाहन खड़े थे। नवधन में डपिंग यार्ड बनने से जगह खाली हो गई है। अब उसका प्रयोग हम कोर्ट के लिए करेंगे। जिसका फायदा पुलिसकर्मियों को होगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि सभी नौ थानों में करीब डेढ़ हजार खराब वाहन पड़े थे। अब तक 1200 वाहनों को भेज दिया गया है। शेष अन्य वाहनों को भी जल्द भेजा जाएगा। औराई में जगह का अभाव है जबकि कोइरौना, दुर्गागंज और चौरी थाने में अभी व्यवस्थाएं बेहतर नहीं हो सकी है। एसपी ने बताया कि डंपिग यार्ड में वाहन भेजने से खाली जमीन में कोर्ट बनाने के साथ ही फरियादियों के बैठने के लिए टीनशेड लगाए जाएंगे। इसके अलावा परिसर में सुंदरीकरण के लिए फूल के पौधे भी लगेंगे।