ज्ञानपुर। जनपद में विशेष अभियान के तहत 70 साल से ज्यादा उम्र के लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विभाग ने छह सदस्यीय टीम का गठन किया है।
सीएचसी अधीक्षक के नेतृत्व में बनी टीम आयुष्मान कार्ड बनाने की मॉनीटरिंग करेगी। टीम किस एएनएम, सीएचओ ने कितने कार्ड बनाए हैं और कहां लक्ष्य के सापेक्ष कितना काम हुआ है। इसकी नियमित रिपोर्ट तैयार करेगी। जिले में आयुष्मान योजना के तहत 70 साल से अधिक उम्र के 30 हजार लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाना है। इसमें अब तक 26163 लोगों का कार्ड बन चुका है। डीएम शैलेष कुमार के निर्देश पर सीडीओ, डीसी, डीपीओ, डीपीआरओ और स्वास्थ्य विभाग की टीम संयुक्त रूप से कार्ड बना रही है। सीएमओ स्तर से गठित की गई टीम सीएचसी अधीक्षक के निगरानी में काम करेंगी। टीम का मुख्य काम होगा कौन सी आशा, एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी कितने कार्ड बनाए हैं। विभागीय निर्देश है कि रोजाना आशा, एएनएम, सीएचओ मिलकर 50 कार्ड बनाएं। उम्र के कारण जिन बुुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड बनाने में अड़चन आ रही है।
उसे लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से 70 साल से ज्यादा उम्र के लोगों का चयन करके आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। सीएमओ कार्यालय से उम्र का सत्यापन कराने के बाद आधार कार्ड में उम्र संशोधन करवाने के लिए प्रमाण पत्र जारी किया जा रहा है। ये प्रक्रिया 24 घंटे के अंदर पूरी की जा रही है। अभियान चलाकर स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जा कर कार्ड बना रहे हैं।