रोवर्स रेंजर शिविर के चौथे दिन संबोधित करती प्रशिक्षक। स्रोत- महाविद्यालय
भदोही। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राजकीय महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को रोवर्स-रेंजर्स पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के चौथे दिन हाईकिंग, ट्रैकिंग, प्राथमिक स्वास्थ्य उपचार के साथ-साथ योगासन का प्रशिक्षण दिया गया।
प्राचार्य डॉ. माया ने विद्यार्थियों को अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का महत्व बताया। उन्होंने प्रशिक्षण में सिखाए जा रहे कौशल में दक्ष होने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य ने बताया कि नियमित योगाभ्यास करने से शरीर और मन स्वस्थ रहता है।
स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही हम अपने कर्तव्यों को समुचित रूप से पूरा कर पाते हैं। इससे हमारा निजी लाभ तो होगा ही साथ-साथ इससे समाज और देश का हित होगा। डॉ. राजकुमार सिंह यादव ने प्रशिक्षण पूरा होने पर शिविर में दिए गए ज्ञान और अनुभव को जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया।
रोवर्स और रेंजर्स को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने और नियमित अभ्यास करने पर जोर दिया। रोवर्स प्रभारी डॉ. अनीश मिश्र के नेतृत्व में रोवर्स ने मनमोहक झांकियां निकाली और नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। रेंजर्स प्रभारी डॉ. ऋत्विक रंजन सिंह ने कैंप फायर के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए रोवर्स और रेंजर्स को टिप्स बताए।
बताया गया कि इससे विद्यार्थी विषम परिस्थिति में अपनी रक्षा कर सकेंगे।
प्रशिक्षक नागेश्वर प्रजापति और ऋतुराज ने हाईकिंग और ट्रैकिंग के साथ-साथ प्राथमिक स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया। प्राध्यापक डॉ. अंकिता तिवारी, पूनम द्विवेदी, डॉ. शिखा तिवारी ने विद्यार्थियों का उत्साह वर्धन किया।