बिजली आपूर्ति ठप होने के विरोध में प्रदर्शन करते लोग
नगर के वार्ड 11 पुरानी बाजार में बिजली आपूर्ति व्यवस्था न सुधरने से नाराज नागरिकों ने शुक्रवार को विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि विभागीय उदासीनता से मोहल्ले में तीन दिनों से बिजली नहीं आ रही है। शिकायत के बाद भी टूटे तार को सही नहीं किया गया।
पिछले दिनों आंधी आने से वार्ड 11 में लगे खंभे से तार टूट गया है। इससे पुरानी बाजार में बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली न मिलने से पेयजल को लेकर जहां लोगों को परेशान होना पड़ रहा है, वहीं उमस और गर्मी से जूझना पड़ रहा है। नागरिकों ने तार सही कराने के लिए विभागीय अधिकारियों से शिकायत की थी, लेकिन उसे सही नहीं किया गया। शुक्रवार को नाराज नागरिकों ने मोहल्ले में बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि विभागीय लाइनमैन और कर्मचारियों की मनमानी से उपभोक्ताओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। चेतावनी दी कि अविलंब तार नहीं बदला गया तो सड़क जाम करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वालों में पचन्नू गुप्ता, धीरज, राजू, सुरेश, विक्की, गुड्डू, बसंतलाल, इरफान, गफ्फार सहित कई लोग मौजूद रहे।