चौरी (भदोही)। औराई के भाजपा विधायक दीनानाथ भाष्कर को फोन पर जान से मारने की धमकी देने के आरोपी धीरेंद्र दूबे को पुलिस ने मंगलवार को साऊपुर से गिरफ्तार कर लिया। उसका चालान कर जेल भेज दिया गया। विधायक की ओर से कोई शिकायत नहीं की गई। हालांकि विधायक से जुड़ा मामला होने से पुलिस ने स्वत: संज्ञान में लेकर कार्रवाई की।
सोमवार सुबह 11 बजे साऊपुर गांव निवासी धीरेंद्र दूबे ने औराई विधायक के मोबाइल पर फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। उसका ऑडियो वायरल होने के बाद विधायक के समर्थकों सहित पुलिस महकमे में खलबली मच गई। इसमें आरोपी अपने बेटे के गायब होने से काफी व्यथित था, हालांकि सोमवार शाम को आरोपी का बेटा सत्यम दूबे नाटकीय ढंग से घर लौट आया। उसने पुलिस को बताया कि चार पहिया सवार युवकों ने उसे उठाया था। उनसे किसी तरह बचकर वह आया, हालांकि पुलिस उसे सही नहीं मान रही। सोमवार शाम को ही आरोपी ने वीडियो जारी कर प्रकरण में माफी मांगी, लेकिन मामला विधायक से जुड़ा होने के कारण मंगलवार को पुलिस ने धीरेंद्र दुबे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष रामदरस ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया।