घोसिया। पूर्व विधायक डाक्टर सिंह के नाम पर कालीन निर्यातक से रंगदारी मांगने वाले अभियुक्त को मंगलवार की देर शाम औराई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने घोसिया तिराहे से गिरफ्तार कर लिया।
घोसिया के कालीन निर्यातक वकील अहमद पुत्र स्वॅ. हकीम ने आठ सितंबर को औराई थाने में अज्ञात युवक के खिलाफ रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर में आरोप लगाया था कि एक अज्ञात युवक मोबाइल से बार-बार फोन कर 20 लाख की रंगदारी मांग रहा था। खुद को पूर्व विधायक डाक्टर सिंह का आदमी भी कहता था। पैसा न देने की स्थिति में मारने की भी धमकी दी जा रही थी। एसपी डॉ. अरविंद भूषण पांडेय ने मामले को संज्ञान में लेते हुए औराई पुलिस और क्राइम ब्रांच को खुलासे के लिए लगाया। मंगलवार की शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घोसिया तिराहे से अभियुक्त पंचुराम बिंद पुत्र दुखीराम बिंद निवासी राजापुर घोसिया को गिरफ्तार कर लिया।