मुख्य मार्ग बंद कर दिए जाने से दुपहिया से लेकर भारी वाहनों और बसों का इसी रास्ते आना जाना हो रहा है जो यातायात समस्या पैदा कर रहा है।
हर रोज लग रहे जाम को देखते हुए कुछ दिनों के लिए लोगों ने यातायात पुलिस तैनात करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बगैर यातायात पुलिस ने जाम की समस्या से निजात मिलना मुश्किल है।
इंदिरा मिल चौराहे पर यातायात बंद कर दिया गया है। भदोही के गजिया रेलवे फ्लाई ओवर निर्माण के चलते यहां भी आवागमन ठप है। इन दोनों फ्लाईओवर के बीच में रेवड़ा फाटक पड़ता है।
जिस पर वाहनों का भारी दबाव बन गया है। हर रोज रात भर इसी रास्ते बसों, ट्रकों समेत हल्के वाहनों का आवागमन होता है। सुबह होते ही स्कूल बस और दुपहिया वाहन भी दौड़ने लगती है। जिससे जाम आम हो गया है।
कालीन निर्यातक राजेंद्र प्रसाद मौर्य ने कहा कि हर किसी को जल्दी होती है। इससे बसेें और भारी वाहन घंटो खड़े रहते हैं। अक्सर स्कूल बस में बच्चे भूख और प्यास से परेशान दिखते हैं।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से रेवड़ा फाटक के तिराहे पर यातायात पुलिस तैनात करने की मांग की है। कहा कि जब तक इंदिरा मिल चौराहे से वाहनों का आवागमन सामान्य नहीं होता है तब तक यह व्यवस्था कराना आवश्यक है।