। रविवार को जिले में झूमकर बरसात हुई। पूरे दिन रुक-रुक कर हुई बरसात से निचले इलाकों में जलजमाव हो गया और कच्ची सड़कों की सूरत बिगड़ गई। जर्जर सड़कों पर यातायात दुरूह हो गया। पुरानी बाजार में खोदकर छोड़े गए ज्ञानपुर-लालानगर मार्ग की हालत बारिश में बेहद खराब हो गई। इससे लोगों में रोष देखा गया।
जुलाई की शुरुआत से ही मेहरबान हुए इंद्रदेव रौ में आए इंद्रदेव की मेहरबानियां किसानों के लिए राहत बनकर बरसी हैं, लेकिन नगरीय जनजीवन बेपटरी हो गया है। रविवार को सुबह छह बजे के आसपास बारिश हुई। इसके बाद दोपहर में दो बजे के बाद झूमकर मेघ बरसे। फिर शाम को लगभग छह बजे बरसात हुई। इससे नगर के राजा पार्क, पुरानी कलेक्ट्रेट, ज्ञानपुर त्रिमुहानी, तहसील रोड आदि इलाकों में जहां जलजमाव हो गया, वहीं कच्ची और जर्जर सड़कें कीचड़ से सन गईं। सड़कों पर लोगों का आना-जाना दूभर हो गया। पुरानी बाजार में लालानगर ज्ञानपुर रोड की हालत बारिश में बेहद खराब हो गई है। इस पर महेश गुप्ता, बबलू गुप्ता आदि ने रोष जताते हुए उसे शीघ्र बनवाने की मांग की। कहा कि सड़क नहीं बनने के कारण दूकानदारी भी चौपट हो गई है।