ज्ञानपुर के रायपुर में बना अन्नपूर्णा भवन।
ज्ञानपुर। जिले की 36 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन बनेंगे। इन भवनों से उपभोक्ताओं को अनाज तो मिलेगा साथ ही उन्हें कॉमन सर्विस सेंटर की सुविधाओं का लाभ भी मिलेगा। तीन करोड़ की लागत से बनने वाले भवन के लिए डेढ़ करोड़ की पहली किस्त जारी हो गई। पूर्ति विभाग ने एक-एक ग्राम पंचायतों को पैसा जारी कर दिया है। प्रदेश में डोर स्टेप डिलेवरी के तहत सिंगल स्टेज व्यवस्था लागू की गई है। इसमें राशन ट्रांसपोर्टरों के माध्यम से सीधे कोटेदारों तक पहुंचता है। गांव में सकरे रास्ते और दुकान होने के कारण राशन वहां तक नहीं पहुंच पाता था। इस कारण समय से लोगों को राशन नहीं मिलने की शिकायत मिलती थी। सरकारी राशन वितरण में अनियमितता की भी शिकायत मिलती थी। इसके समाधान के लिए शासन स्तर से प्रदेश के सभी जिलों में साल 2022 में 75-75 मॉडल दुकानों के निर्माण का निर्देश दिया गया था। शुरुआत में महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना जो अब वीबी जी रामजी हो गई है। साल 2023-24 में करीब 72 और 2024-25 में 30 भवन की स्वीकृति मिली थी। अब तक 50 से अधिक भवन पूर्ण हो गए हैं, जबकि शेष निर्माणाधीन है। शासन ने 2025-26 के लिए 36 अन्नपूर्णा भवन निर्माण की मंजूरी दी है। यह सभी भवन पूर्ति विभाग के माध्यम से बनाए जाएंगे। तीन करोड़ होने वाले खर्च में आधी रकम जारी कर दी गई है। पूर्ति विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों को पैसा भेज दिया गया। अब ग्राम पंचायतें जमीन चिह्नित करके निर्माण कराएंगी।
36 अन्नपूर्णा भवन बनाने की स्वीकृति मिली है। एक-एक भवन पर आठ लाख 47 हजार रुपये खर्च होंगे। पहले किस्त के रूप में डेढ़ करोड़ जारी हुए। उक्त धनराशि को ग्राम पंचायतों को जारी कर दिया गया है। - सुनील कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी।