ज्ञानपुर/चौरी। कड़ाके की ठंड में धान की खरीद ठिठक गई है। सबसे बुरी हालत पीसीएफ की ओर से खोले गए क्रय केंद्रों की है। वेबसाइट बंद होने के साथ ही पैसे का अभाव होने से किसान आए दिन केंद्रों का चक्कर लगा रहे हैं। चौरी के वेदमनपुर का क्रय केंद्र तो तीन दिनों से बंद है।
जिले में धान खरीद के लिए कुल 40 क्रय केंद्र खोले गए हैं, जिनमें करीब 10 केंद्र पीसीएफ के शामिल हैं। विपणन के केंद्रों पर तो खरीद ठीक हो रही है, लेकिन पीसीएफ पर स्थिति बिगड़ गई है। पीसीएफ के केद्रों पर धान खरीदने के लिए धनराशि उपलब्ध नहीं है। जिन किसानों ने अपने धान की तौल करा दी है, वह भुगतान के लिए केंद्र का चक्कर लगा रहे हैं। ऐसे में खरीद प्रभावित हो रही है। पीसीएफ के 10 क्रय केंद्रों पर तीन दिन से खरीद ठप है। वेदमनपुर स्थित क्रय केंद्र पर खरीदारी बंद होने से प्रतिदिन किसान क्रय केंद्रों से वापस लौट रहे हैं। वेदमनपुर और बरवा क्रय केंद्र पर तीन दिनों से धान की खरीदारी बंद है। कमोबेश अन्य पीसीएफ के केंद्रो की हालत यही है। वेदमनपुर के सचिव कमला प्रसाद शुक्ला ने बताया कि पीसीएफ के धान क्रय केंद्र का वेबसाइट पिछले तीन दिनों से बंद है, जिससे धान की खरीदारी नहीं हो पा रही है । अब तक केंद्र पर 5238 क्विंटल धान की खरीदारी हो चुकी है, लेकिन अधिसंख्य किसान अभी तक पैसे के लिए चक्कर लगा रहे है। सचिव का कहना है कि 40 लाख था जो किसानों को दिया गया। अभी 52 लाख की जरूरत है। आएगा तभी सभी किसानों को पैसा मिल पाएगा। उन्होंने कहा कि पैसे का इंतजार हो रहा है, जैसे ही आएगा किसानों का भुगतान कर दिया जाएगा।