ज्ञानपुर। गैस पाइपलाइन के लिए भूमि अध्याप्ति विभाग की ओर से जारी नोटिस को लेकर अभोली ब्लॉक के कई गांव के ग्रामीणों ने नाराजगी जताई हैं। बुधवार को भूमि अध्याप्ति कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन करके अपना विरोध जताया। इस मौके पर डीएम आर्यका अखौरी को एक ज्ञापन देकर मामले में कार्रवाई की मांग भी की।
इस मौके पर ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना बताए उनको नोटिस जारी की गई। कहा कि हमे अभी तक यह नहीं जानकारी दी गई कि कितनी जमीन जाएगी और इसका कितना मुआवजा मिलेगा। इस दौरान आरोप लगाया कि जिस किसान के पास थोड़ी सी जमीन है अगर वह गैस पाइपलाइन में चली जाएगी तो वह कहां जाएंगे। जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि पहले इसका शेड्यूल समझाएं और बताएं कि हम लोगों की कितनी जमीन गैस पाइपलाइन में जाएगी और इसका मुआवजा क्या मिलेगा । इसके बाद ही हम लोग अपनी जमीन देंगे। इस अवसर पर प्रदर्शन करने वालों में नायब बिंद, श्याम नारायण, रामचंदर, साधु सिंह, तुलसीराम, भूलेश्वर, प्रदीप पाल, छब्बू , धर्मराज,बड़ेलाल मौर्या आदि रहे।