चौरी। कंधिया से टिकैतपुर सड़क की मरम्मत न होने से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को प्रदर्शन कर अधिकारियों से मरम्मत कराने की मांग की। लगभग तीन सौ से अधिक संख्या में एकजुट ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री सड़क योजना से उक्त सड़क का निर्माण ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने कराया था। तब से अब तक कछुआबोझ, सुरहन, टिकैतपुर, हड़ईबारी, चांदीगहना, बरवां, भगवान समेत 30 गांवों के राहगीर भदोही से महराजगंज तक आवागमन करते हैं। इस वर्ष भी सड़क को मरम्मत की योजना में शामिल तो किया गया, लेकिन कंधिया से टिकैतपुर तक मात्र दो किमी सड़क को शामिल नहीं कराया। मरम्मत न होने से दो किमी की सड़क पर गड्ढे, उखड़ी गिट्टियां, क्षतिग्रस्त पटरी पैदल चलने में जानलेवा बनी ही हैं साइकिल, बाइक, चार पहिया वाहन से चलना किसी न किसी समय अनहोनी को बढ़ावा देता है। बारिश के सीजन में राहगीर गिरते और हिचकोले खाते हुए गतंव्य को पहुंचते रहे हैं। वर्तमान समय में सड़क पर गंदा पानी विभागीय उपेक्षा को दर्शा रहा है। राजमार्ग और बाबतपुर मार्ग को जोड़ने के लिए उक्त सड़क अति सुलभ है, लेकिन दो किमी तक मरम्मत के अभाव में राहगीर परेशान हैं। सड़क की मरम्मत न होने पर आंदोलन भी किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में रामचंद्र पटेल, इंद्रप्रकाश, सिकंदर, सत्यनारायण, सुनीता सरोज, मालती देवी, गिरजा शंकर, रंगनाथ, राधेश्याम समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण रईस अंसारी ने कहा कि मामला संज्ञान में है। निरीक्षण कर ग्रामीण की समस्या दूर कराया जाएगा।