ज्ञानपुर/गोपीगंज। जिले में बेपटरी हो चुकी विद्युत व्यवस्था और मनमानी कटौती के खिलाफ भाजपा नेत्री सपना दुबे ने शुक्रवार को एक्सईएन-फस्ट मनोज कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। कहा कि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
आरोप लगाया है कि नगरीय और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को समुचित ढंग से बिजली मुहैया कराने के लिए दो दर्जन से अधिक उपकेंद्र, आधा दर्जन वितरण खंड केंद्रों की स्थापना होने के बाद भी बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हो रहा है। । बिजली कब आएगी और कब चली जाएगी कोई समय निर्धारित नहीं है। सवाल-जवाब करने पर जेई, एई दुर्व्यवहार करते हैं, सरकारी लाइनमैनों का अभाव होने से निजी लाइनमैन बिना सुविधा शुल्क लिए फाल्ट दूर नहीं करते। गिराई उपकेंद्र से जुड़े कोइरौना, त्रिभुवनपुर, गोपीगंज नगर, लालानगर से जगन्नाथपुर, वहिदानगर से अरता, कटरा, चकापुर-औराई से महाराजगंज, बाबूसराय, परानापुर आदि गांवों और बाजारों की हालत बहुत खराब है। बिजली न मिल पाने के कारण लॅाकडाउन में घर आए प्रवासियों समेत अन्य परिवारों को न सही ढंग से पानी मिल पा रहा है न पंखे चल पा रहे हैं। किसान सिंचाई समस्या को लेकर परेशान हैं। जर्जर तार और खंभे, ट्रांसफार्मर समस्या को बढ़ाने में महती भूमिका निभा रहे हैं। कहा कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो लोग सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। एक्सईएन मनोज कुमार सिंह ने मामले को गंभीरता से लेकर सख्त कदम उठाने का भरोसा दिया।
पालिका ने बदला जलापूर्ति का समय
गोपीगंज। नगर पालिका परिषद प्रशासन ने बिजली की समस्या को देखते हुए जलापूर्ति के समय में बदलाव किया है। पालिकाध्यक्ष प्रह्लादास गुप्ता ने कहा कि दो सप्ताह से नगर में चरमराई बिजली व्यवस्था के कारण नलकूपों के जलते रहने से काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। जब तक व्यवस्था पटरी पर नहीं लौटेगी तब तक अब सुबह 6 से 8 बजे तक जलापूर्ति का क्रम जारी रहेगा।