औराई। ब्लॉक के विभिन्न गांवों के पंचायत सहायक मंगलवार को ब्लाॅक कार्यालय पर प्रदर्शन करके विरोध जताया। पंचायत सहायकों का आरोप था कि उन्हें समय से वेतन नहीं मिल रहा है। विभाग की ओर से उनका मानसिक शोषण किया जा रहा है। पंचायत सहायकों ने बीडीओ औराई को पत्र सौंपकर अपनी मांग पूरी किए जाने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान अध्यक्ष मनोज पाल और मंत्री अवनीश कुमार ने कहा कि पंचायत सहायक जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। इसके बाद भी उन्हें समय से वेतन नहीं मिलता। बताया कि अगर इस तरह उनका शोषण होता रहा तो वे अपना आंदोलन तेज करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर संगीता देवी, सोफिया अंसारी, अनुराग, सुरेंद्र समेत बड़ी संख्या में पंचायत सहायक उपस्थित रहे।