औराई। शासन-प्रशासन की सख्त हिदायत और स्वास्थ्य विभाग की गाइडलाइन का पालन प्रवासी नहीं कर रहे हैं। इसका खामियाजा उनके करीबियों को उठाना पड़ रहा है। औराई के सहसेपुर गांव में रविवार को कोरोना संक्रमित मिला युवक बंगलूरू से आने के बाद कई दावतों में शिरकत कर चुका था। तमाम लोगों के संपर्क में आने के अलावा उसने दावतों में लोगों को खाना परोसा भी था। इससे आशंका जताई जा रही है कि न जाने कितने लोगों के संपर्क में वह आ चुका होगा। औराई तहसील क्षेत्र में अब तक 15 से अधिक कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं, लेकिन कोरोना जैसी महामारी को लेकर लोग सतर्क नहीं है। बिना मास्क और गमछे के सड़कों पर लोग बाइक और चार पहिया वाहनों से खर्राटे भर रहे हैं। बताया जाता है कि सहसेपुर में बंगलूरू से आया जो व्यक्ति संक्रमित मिला है वह कई बाटी-चोखा के दावत में भी हिस्सा ले चुका है। सैंपल लेने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने होम क्वारंटीन की हिदायत दी थी, लेकिन वह उसका पालन नहीं किया। इससे दावत में शामिल लोगों की धड़कने बढ़ गई है।