चौरी। चौरी थाना क्षेत्र के अठगोड़वां गांव में मुहर्रम पर निकले ताजिये के जुलूस में शुक्रवार शाम को हृदयविदारक घटना हो गई। जुलूस में शामिल अरबाज (8) अचानक बेहोश होकर गिर गया। परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। अरबाज की माैत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। बच्चे की माैत के बाद ताजिया में शामिल लोग शोक में डूब गए।
जगरनाथपुर गांव के चुन्नू नट ने बताया कि उनका बेटा अरबाज परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ताजिये के जुलूस में शामिल होने गया था। अठगोड़वां से जुलूस बरवां की तरफ जा रहा था। इसी बीच वह बेहोश होकर गिरकर गया। परिवार वाले समझे कि वह गर्मी के कारण बेहोश हो गया। उसको चारपाई पर लिटाकर करीब 15 मिनट तक हाथ के पंखे से हवा की गई लेकिन उसे होश नहीं आया। इसके बाद बेटे को निजी अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चुन्नू नट ने बताया कि बेटे की मौत कैसे हो गई, यह समझ में नहीं आ रहा है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर परिवार वालों को सौंप दिया है। प्रभारी निरीक्षक रामसरीख ने बताया कि जुलूस में शामिल बच्चा अचानक गिरकर बेहोश हो गया था। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।