ज्ञानपुर।नोटबंदी के खिलाफ विपक्ष के भारत बंद को लेकर सोमवार को पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किया गया है। सभी थानों को अलर्ट करने के साथ ही जिला मुख्यालय, तहसील, ब्लॉक के अलावा सार्वजनिक स्थानों पर पुलिसकर्मियों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
केंद्र सरकार के नोटबंदी के खिलाफ कांग्रेस, सपा, बसपा, आम आदमी पार्टी, वामपंथी दल के अलावा अन्य विपक्षी दल एकजुट होकर 28 नवंबर को भारत बंद का एलान की है।
सोमवार को सभी दलों की ओर से अलग-अलग तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए पुलिस की ओर से सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधीक्षक डीपीएन पांडेय ने कहा कि भारत बंद को लेकर सभी थानाध्यक्षों को अलर्ट कर दिया गया है। सार्वजनिक स्थानों के अलावा जिन इलाकों में राजनीतिक दलों का विरोध होगा वहां सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। कोई भी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाएगा तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।