माध्यमिक शिक्षा विभाग से जुड़े जिले में संचालित अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जगी है। जिले को 77 नए शिक्षक मिल गए हैं। इसके साथ ही एडेड विद्यालयों में शिक्षकों संख्या बढ़कर 391 हो गई है। नियुक्ति के पश्चात शिक्षकों ने जिले में पहुंचकर आवंटित विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करना शुरू भी कर दिया है। इनकी तैनाती से शिक्षकों की कमी दूर होगी। साथ ही छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा मिल सकेगी।
जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग से जुड़े 38 राजकीय माध्यमिक विद्यालय, 25 अशासकीय सहायता प्राप्त सहित कुल 193 मान्यता प्राप्त विद्यालय संचालित हो रहे हैं। अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में अभी तक कुल 314 शिक्षकों की तैनाती थी। कई विद्यालयों में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की तैनाती न होने से शिक्षण कार्य में दिक्कत आ रही थी।
हालांकि टीजीटी (ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर) एवं पीजीटी (पोस्ट ग्रेजुएट टीचर) की शासन स्तर से संपन्न हुई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में जिले में एलटी ग्रेड के 66 और प्रवक्ता के 11 समेत कुल 77 शिक्षकों की तैनाती की गई है। इससे एडेड विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को और अधिक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने व सभी कक्षाओं का नियमित संचालन होने की उम्मीद है।
जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने बताया कि नियुक्त शिक्षकों ने कार्यभार ग्रहण करना शुरू कर दिया है। अब तक 50 शिक्षकों ने अपने आवंटित विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण कर लिया है।