ज्ञानपुर। भारतीय जीवन बीमा निगम के ज्ञानपुर कार्यालय पर सोमवार को अभिकर्ताओं ने मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। कार्यालय पर ताला जड़कर चार घंटे तक कार्य बहिष्कार किया। मांगें पूरी न होने पर कामकाज ठप करने की चेतावनी दी। अभिकर्ता संघ के अध्यक्ष विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में अभिकर्ता कार्यालय पर पहुंचे। सुबह 10 बजे मेन गेट पर ताला जड़कर नारेबाजी शुरू की। यहां दोपहर दो बजे तक विरोध दर्ज कराया। वक्ताओं ने कहा कि आईआरडीएआई ने अभिकर्ताओं के कमीशन को कम करने और ग्राहकों के बीमा धन में कटौती करने का प्रस्ताव पारित किया है। इसका अभिकर्ता विरोध करेंगे। कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी न की गईं तो वे कामकाज ठप कर देंगे। इस मौके पर जयप्रकाश, सत्य नारायण मौर्य, रविंद्र कुमार शर्मा, छविनाथ यादव, नीरज कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद