जिले में इन दिनों उमस भरी गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही है। शुक्रवार को दिनभर लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। बीते दो दिनों से हुई बारिश से लोगों को कुछ राहत मिली थी, लेकिन शुक्रवार को एक बार फिर उसम ने लोगों का हाल खराब कर दिया। हालांकि मौसम विभाग ने जिले में एक-दो दिनों में अच्छी बारिश का अंदेशा जताया है।
जिले में बुधवार की रात को अच्छी बारिश हुई थी। इससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत जरूर मिली थी, लेकिन ग्रामीण अंचल के कई मार्ग अभी भी कीचड़ से सने थे। बादलों की आवाजाही के बीच बारिश का क्रम बने रहने से लोगों को काफी राहत मिली थी, लेकिन शुक्रवार को पूरे दिन धूप खिली रही। इससे एक बार फिर उमस का असर बढ़ गया। इसी बीच बिजली ने भी खूब आंख मिचौली का खेल खेला। वहीं अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को चिकित्सक बीमारी से बचाव का सलाह दे रहे हैं। बारिश न होने के कारण धान की रोपाई फिर से प्रभावित होने लगी है। किसान निजी संसाधनों से सिंचाई करके के धान की रोपाई धीरे धीरे कर रहे हैं। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। बताया कि मानसून सक्रिय है। जिले में एक-दो दिनों में अच्छी बारिश हो सकती है।