सीतामढ़ी। आर्थिक तंगी से परेशान होकर खौफनाक कदम उठाने वाले एक ही परिवार के तीन लोगों में अब बेटे की भी मौत हो गई। रविवार को कोईरौना के अरई गांव में मां ने बेटे और बेटी के साथ विषाक्त पदार्थ खा लिया था। जिसमें मां-बेटी की रविवार को ही मौत हो गई थी। रविवार की ही देर रात इलाज के दौरान बेटे ने भी दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी होते ही परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा।
कोईरौना थाना क्षेत्र के अरई गांव निवासी सुनील तिवारी की पत्नी सुमन तिवारी (42) ने बेटी कोमल (22) और बेटा गोलू (18) के साथ रविवार को विषाक्त पदार्थ खा लिया था। जिसमें सुमन के साथ बेटी कोमल की रविवार को ही मौत हो चुकी थी। वहीं बेटे गोलू का प्रयागराज के एक निजी चिकित्सालय में उपचार चल रहा था। कल देर तक उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी। देर रात उसने भी दम तोड़ दिया। बताया जा रहा था कि परिवार आर्थिक तंगी की मार झेल रहा था। परिवार पर काफी कर्ज हो गया था। पति की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण सुमन ही परिवार की जिम्मेदारी उठाती थी। इसके दरवाजे पर आए दिन तगादादारों की भीड़ रहती थी। जिससे परेशान होकर सुमन ने यह कदम उठाया था। बेटे की मौत होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक ही परिवार के तीन-तीन लोगों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा रहा। वहीं सुमन के पति और चौथे बेटे युवराज का रो-रो कर बुरा हाल रहा।