चौरी थाना क्षेत्र के अमवा गांव निवासी परिषदीय विद्यालय के एक सहायक अध्यापक की हत्या कर शव घर से कुछ दूर स्थित तालाब में पत्थर बांधकर फेंक दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है। उधर, घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित खेत में खून के छींटे और शिक्षक का चप्पल, एक शीशी भी मिली है।
अमवां गांव निवासी अरविंद कुमार (45) घर से करीब पांच किलोमीटर की दूरी पर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। रोज की तरह शाम के समय घर में मौजूद थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शाम के समय किसी का फोन आया। फोन पर झड़प जैसी बातें हुईं। उसके बाद अरविंद घर से निकल गए। काफी देर तक नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू की गई। काफी देर तक जब नहीं लौटे तो चिंता होने लगी। सुबह घर से कुछ दूरी पर गेहूं के खेत में खून के छींटे देखे गए। उसी आधार पर खोजते-खोजते लोग तालाब के पास पहुंचे। वहां भी खून की कुछ छींट मिली। अनहोनी की आशंका पर तालाब में खोज शुरू हुई तो एक पत्थर में बांधकर उनका शव फेंका मिला। परिवार के लोगों ने हत्या कर शव में पत्थर बांधकर फेंक दिए जाने का आरोप लगाया है। हत्या की जानकारी मिलने पर पत्नी ज्योति रानी व बच्चे रो-रोकर बेहाल हो गए हैं। प्रभारी निरीक्षक बीके मौर्य ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। उन्होंने बताया कि अरविंद की पत्नी की तहरीर पर अमवा खुर्द निवासी अभिषेक रंजन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने कहा कि हत्या के बाद पत्थर बांधकर शव को पानी में फेंक दिए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है। एक-दो दिन में ही इस मामले खुलासा होने की उम्मीद है।