औराई कोतवाली क्षेत्र के उमरहा गांव में बृहस्पतिवार की देररात एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 28 वर्षीय जूही पत्नी सर्वेश मिश्रा के रूप में हुई है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
औराई के झौंवा गांव निवासी राकेश तिवारी की बेटी जूही तिवारी की शादी 2023 में उमरहा निवासी राकेश मिश्रा के बेटे सर्वेश मिश्रा के साथ हुई थी।
प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को पति से फोन पर विवाद के बाद जूही ने घरवालों को खाना खिलाया और इसके बाद अपने कमरे में चली गई।
कुछ देर बाद उसके ससुर ने किसी काम के लिए आवाज दी, लेकिन कमरे से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने अंदर जाकर देखा तो जूही फंदे से लटकी मिली। आनन-फानन में परिजन उसे सीएचसी औराई लेकर गए।
जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ससुराल और मायके पक्ष के लोग थाने पहुंचे। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है।