इलाहाबाद में बुधवार को दारोगा की गोली से एक अधिवक्ता की मौत के विरोध में बृहस्पतिवार को जिले के वकील सड़क पर उतर गए। वकीलों ने न्यायालय परिसर से सीजेएम कोर्ट तक मार्च निकालकर सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की मांग की। वकीलों के प्रदर्शन के मद्देनजर एसपी के निर्देश पर नगर में पर्याप्त मात्रा में फोर्स तैनात रही। पूरे प्रदर्शन की वीडियो रिकार्डिगिं भी कराई गई।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुधाकर पांडेय और सुशील चौबे के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को पूर्वाह्न 10 बजे ही दीवानी न्यायालय परिसर से सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए दुर्गागंज तिरमुहानी पर पहुंचे। न्यायालय परिसर के बाहर से ही पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद, प्रदेश सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए सीजेएम कोर्ट पहुंचे।
अधिवक्ताओं के विरोध को देखते हुए एसडीएम ज्ञानपुर परवेज अहमद, सीओ ज्ञानपुर श्याम शंकर पांडेय, कोतवाली प्रभारी रमेश पांडेय सहित भारी संख्या में पुलिस फोर्स न्यायालय परिसर से लेकर सीजेएम मार्ग तक चक्रमण करती रही। अधिवक्ताओं ने मांग किया कि दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत कानूनी कार्रवाई की जाए।
चेतावनी दी कि अविलंब ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वह वृहद स्तर पर आंदोलन करेंगे। विरोध जताने वालों में तेज बहादुर यादव, ह्दयनाथ तिवारी, दिनेश सिंह, गोपीचंद्र तिवारी, हंसराम शुक्ला, खुशियाल पांडेय, धीरज शुक्ला, दीपक पांडेय, सत्येंद्र सिंह, कृष्ण कुमार मालवीय, स्वामीनाथ मिश्रा, मनोज पांडेय, राहुल श्रीवास्तव, राज बिहारी मिश्र, प्रमोद यादव, शशि पांडेय, संजय दूबे, संजय तिवारी आदि शामिल रहे। इसी तरह दी सेंट्रल बार एसोसिएशन की बैठक में इलाहाबाद में हुई घटना की निंदा की गई। वकीलों ने आरोपी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी करने की मांग की। बैठक में रमापति सिंह, शारदा प्रसाद द्विवेदी, पीसी उपाध्याय, विकास नारायण सिंह, लक्ष्मीकांत शुक्ला, प्रमोद कुमार उपाध्याय, मधुसूदन पांडेय, शिवशंकर पांडेय आदि मौजूद रहे।