सर्राेई। भदोही बार एसोसिएशन ने बुधवार को एसडीएम को पत्र सौंपकर तहसील के सभी न्यायालयों में भ्रष्टाचार व्याप्त होने का आरोप लगाया। अधिवक्ताओं ने कहा कि भ्रष्टाचार के कारण अधिवक्ताओं और वादकारियों को परेशानी हो रही है। आरोप लगाया कि आउट साइडरों के कारण अधिवक्ताओं की छवि खराब हो रही है। एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र कुमार बिंद और महामंत्री अशोक पासी ने बताया कि न्यायालयों में गुणवत्तापूर्ण आदेश पारित नहीं किए जा रहे हैं। कई अधिवक्ताओं ने भी बार एसोसिएशन को इस संबंध में शिकायतें दी हैं। पत्र में कहा गया है कि धारा 38, 76 और 80 की सैकड़ों पत्रावलियां तहसीलदार की रिपोर्ट के बावजूद न्यायालय में लंबित हैं।
आरोप लगाया है कि तहसील भदोही के न्यायालय और कार्यालय में लगभग 25 अवैध आउटसाइडर काम कर रहे हैं। ये आउटसाइडर अधिवक्ताओं और वादकारियों से अनुचित लाभ ले रहे हैं, जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। इसी तरह, तहसील में कार्यरत राजस्व निरीक्षक और लेखपाल भी अपने-अपने आउटसाइडर मुंशी रखकर धन उगाही कर रहे हैं। मांग किया कि आउट साइडरों को अविलंब हटाया जाए। वहीं लंबित फाइलों का आदेश यथाशीघ्र पारित किया जाए।