औराई। उप जिलाधिकारी के स्थानांतरण की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का कार्य बहिष्कार 21वें दिन बुधवार को भी जारी रही। बुधवार को तहसील परिसर में अधिवक्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। एसडीएम के खिलाफ भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर स्थानांतरण की मांग की। कहा कि जब तक स्थानांतरण नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।
बुधवार को तहसील खुलते ही अधिवक्ता एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार के खिलाफ आवाज उठाने लगे। एसडीएम ने अधिवक्ताओं को बातचीत के लिए बुलाया, लेकिन बात नहीं बनी। बुधवार को अधिवक्ताओं के आक्रोश को देखते हुए कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। तहसील बार अध्यक्ष दृढ़व्रत मिश्रा ने कहा कि जब तक उप जिलाधिकारी का स्थानांतरण नहीं हो जाता, तब तक अधिवक्ता न्यायिक कार्य से नहीं करेंगे। अगर जल्द सुनवाई नहीं होती है तो अधिवक्ता आंदोलन तेज करेंगे। मौके पर बाबूलाल यादव, देवी प्रसाद दुबे, राजकुमार शुक्ला, रमाकांत दुबे, उपवन मिश्रा, राजू राय, बसंत लाल यादव, बिहारी लाल यादव, परमानंद यादव, सुरेंद्र मिश्रा, संदीप चौबे, शिव शंकर पाठक, अनिल पाठक सहित अन्य रहे।
हड़ताल के कारण नहीं हो पा रहा न्यायिक कार्य
औराई। तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ता चार अक्तूबर से हड़ताल कर रहे हैं। इस कारण तहसील में कार्य नहीं हो पा रहा है। इससे तहसील में वादों की संख्या बढ़ती जा रही है। समय रहते निस्तारण नहीं किया गया तो आने वाले समय में वादों की संख्या और अधिक हो जाएगी।