दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधी प्रशासन विभाग की टीम अलर्ट मोड में है। मंगलवार को एसडीएम संग विभागीय टीम ने जंगीगंज, गोपीगंज, ज्ञानपुर और भदोही नगर में दुकानों की जांच की। भदोही नगर में एक दुकान पर मिलावट की आशंका में 10 किलो डालडा को नष्ट कराया, जबकि सात नमूने जांच के लिए एकत्रित किया।
एसडीएम ज्ञानपुर अरूण गिरी और सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय शशि शेखर ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के उल्लंघन के संदेह के आधार पर खोया, पनीर, घी, काजू, सरसों तेल, पेड़ा के कुल सात नमूने एकत्रित कर जांच के लिए लैब भेजा। इस दौरान भदोही नगर की एक दुकान से 10 किलो मिलावटी डालडा को नष्ट किया। बताया कि रिपोर्ट आने पर दुकानदार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारी खाद्य पदार्थ में किसी भी प्रकार की कोई मिलावट न करें। खाद्य रंगों और वर्क का प्रयोग सीमित मात्रा में करें। सभी दुकानदारों से कहा कि सीसी कैमरा अवश्य लगाएं। उपभोक्ताओं से कहा कि किसी भी प्रकार की मिलावट की शिकायत विभागीय टोल फ्री नंबर-1800112100 पर दर्ज कराई जा सकती है।