ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर बिना मॉस्क के यात्री। संवाद
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण की पहली और दूसरी लहर से उबर चुके लोगों के लिए अब नए वेरिएंट ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासन ने इसको लेकर सतर्कता बरतना शुरू कर दिया है। बीते आठ दिनों में विदेशों से होकर आए कुल 79 लोगों के बारे में जानकारी इकठ्ठा करवाकर उनपर नजर रखवायी जा रही है। यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि वे किससे मिले, कहां-कहां गए। आमजन को जागरूक भी किया जा रहा है। ज्यादा से ज्यादा लोगों को कोरोना से बचाव का वैक्सीन लगवाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। बावजूद इसके कुछ लोग बेपरवाह बने हैं। रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों और बाजार में लोग बगैर मास्क के देेखे जा रहे हैं। कालीन व्यवसाय होने से यहां विदेशों से भी लोगों का आना जाना रहता है। बीते दिनों भदोही से जिले में किसी न किसी काम के सिलसिले में दूसरे देशों में गए 79 लोग आ चुके हैं। इन सभी की आरटीपीसीआर जांच और इनसे कितने लोगों से मुलाकात हुई सभी को ट्रेस किया जा रहा है। वहीं भीड़भाड वाले जगहों पर लोगों को कोराना गाइड लाइन का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। शनिवार को अस्पतालों समेत भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोग बेखौफ दिखे। अधिकांश लोग न तो मास्क लगाए थे और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहे थे। ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन, महाराजा चेत सिंह जिला अस्पताल में लोगों को कोरोना गाइड की अनदेखी करते देखा गया। सीएमओ संतोष चक ने बताया कि लोग मॉस्क और सामाजिक दूरी का पालन नहीं कर रहे है, जो खतरनाक है। सभी लोग मॉस्क लगाएं और वैक्सीन के दोनों डोज अवश्य लगवाएं। सीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि ऐसे लोग जो दूसरे देशों से होकर आए हैं उनकी संख्या 40 है। इनको ट्रैस किया जा रहा है। लोगों केे जागरूक भी किया जा रहा है।