ज्ञानपुर। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें सभी ब्लॉकों से 70 होनहार अपने-अपने मॉडल लेकर पहुंचे। जल संरक्षण, वायु प्रदूषण सहित अलग-अलग मुद्दों को दर्शाते मॉडल आकर्षण का केंद्र रहे।
मुख्य अतिथि सीडीओ भानु प्रताप सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन से बच्चों में विज्ञान की सोच को बढ़ावा मिलता है। छात्र-छात्राओं की ओर से प्रस्तुत मॉडल का अवलोकन किया। निर्णायक मंडल की ओर से कंपोजिट विद्यालय डुहिया के आदित्य शुक्ल के मॉडल को प्रथम, पूर्व माध्यमिक विद्यालय चकमानधाता की मिलन सोनी को द्वितीय और कंपोजिट विद्यालय भुलईपुर के यश पाल के मॉडल को तृतीय स्थान मिला। पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोकुलपट्टी की कोमल यादव को चौथा, कंपोजिट विद्यालय झौवां की श्रद्धा यादव को पांचवां, चकसुंदर के अंकित कुमार को छठवां, पूर्व माध्यमिक विद्यालय गोकुलपट्टी के विदित यादव को सातवां, पूर्व माध्यमिक विद्यालय मकनपुर के मनोज मौर्य को आठवां, कंपोजिट विद्यालय सिंहपुर की शिवानी को नौवां और पूर्व माध्यमिक विद्यालय भदोही के आमिर फरान के मॉडल को दसवां स्थान मिला। सभी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र नारायण सिंह ने सभी का आभार जताया। इस मौके पर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतोष कुमार, बीईओ यशवंत सिंह यादव, फराह रईस, आशीष मिश्रा, लालजी, रमाकांत यादव आदि रहे।