कार्यशाला को संबोधित करते अभियान के प्रदेश सहप्रभारी मोहित बेनिवाल व मंचासीन पदाधिकारीगण
भाजपा ने मिशन 2017 के लिए मतदाताओं के पंजीकरण पर जोर देते हुए रविवार से मतदाता पंजीकरण अभियान की शुरूआत कर दी। यह अभियान 14 सितंबर तक चलेगा। इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कालेज में काशी क्षेत्र संगठन के मतदाता पंजीकरण कार्यशाला में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ताओं को अपने आसपास पड़ोस के 18 वर्ष के हो चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यशाला में काशी क्षेत्र के अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने कहा कि चुनाव में हम पूरी ताकत लगा देंगे लेकिन उससे पहले कार्यकर्ताओं को होमवर्क कर लेना है। कहा लाखों युवा प्रदेश में भाजपा की सरकार बनवाना चाहते हैं लेकिन हमें देखना होगा कि उनके नाम समय से मतदाता सूची में शामिल कर लिए जाएं। ऐसा कर लेने के बाद हम जमीनी स्तर से मजबूत हों सकेंगे।
अभियान के प्रदेश प्रभारी सुहास यदुवंशी और सह प्रभारी मोहित बेनिवाल ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए इसे सफल बनाने में सहयोग मांगा। बताया कि निर्वाचन आयोग से 18 लाख प्रारूप छह उपलब्ध कराया गया है। कार्यकर्ता चाहे तो आनलाइन अथवा बीएलओ से संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों के नाम सूची में जोड़े। प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने लोगों में जोश भरा और कहा कि इसमें आने वाली किसी भी दिक्कत की ओर ध्यानाकर्षित करें ताकि उसे निर्वाचन आयोग के समक्ष उठाया जा सके। कार्यशाला में 15 जनपदों के मंडल, जिला प्रभारी समेत क्षेत्रीय इकाई के पदाधिकारियों समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यशाला का शुभारंभ राष्ट्रगान के गायन से हुआ। कार्यक्रम संयोजक आशीष सिंह ने आगंतुकों को धन्यवाद ज्ञापित किया। सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त, जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक, दीनानाथ भाष्कर, डा.आरके पटेल, रवींद्र नाथ त्रिपाठी, गोरखनाथ पांडेय, अनीता सचान, रत्नाकर जी, मोहितेश बरनवाल, काशी प्रसाद तिवारी, मोहित नारायण सिंह, नागेंद्र रघुवंशी, प्रवेश तिवारी, डा.पूर्णमासी पंकज, अनिल मिश्रा आदि उपस्थित रहे।