दुर्गागंज। थाना क्षेत्र के भानीपुर गांव में क्रिकेट के विवाद में किशोर पर बैट से हमला करने वाले आरोपी नाबालिग को शुक्रवार को किशोर कल्याण केंद्र ज्ञानपुर में भेजा गया। घटना के दूसरे दिन गांव में सन्नाटा पसरा रहा। परिवार वालों को ढाढ़ंस बंधाने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचे।
भानीपुर निवासी संजय कुमार परिवार के साथ सूरत रहकर मजदूरी करते हैं। इसी से उनके परिवार की आजीविका चलती थी। एक माह पहले वे पूरे परिवार के साथ घर लौटे थे। इधर मुंबई में रहकर मजदूरी करने वाले रमेश कुमार का 14 वर्षीय बेटा हर दिन अपने साथियों गांव में ही अंबेडकर प्रतिमा के पास स्थित खाली मैदान में क्रिकेट खेलने जाता था। बृहस्पतिवार की सुबह भी मैच हो रहा था। आरोप है कि नोबाल के विवाद को लेकर उसी दौरान वहां मौजूद आदित्य को बैट से दूसरे नाबालिग ने मार दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में नाबालिग के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर किशोर कल्याण केंद्र ज्ञानपुर भेज दिया। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। जांच पूरी होने पर ही नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।