ज्ञानपुर। सोशल मीडिया पर बाल यौन शोषण सामग्री अपलोड करने वाले आरोपी सुजीत कुमार मौर्य को पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसके घर पिपरिस से गिरफ्तार कर लिया। अमेरिकी संस्था नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रन (एनसीएमईसी) ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी थी। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर साइबर और भदोही पुलिस ने कार्रवाई किया। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि अमेरिकी एजेंसी द्वारा जारी साइबर टिपलाइन के जरिये पुलिस को यह इनपुट मिला था। जांच से पता चला कि एक यूजर द्वारा फेसबुक और मैसेंजर के माध्यम से बाल यौन शोषण से संबंधित आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री का बड़े पैमाने पर प्रसारण और उसे साझा किया जा रहा था। जांच में संदिग्ध व्यक्ति का नाम सुजीत कुमार मौर्य सामने आया। उस पर आईटी और पाॅक्सो एक्ट में प्राथमिकी दर्ज की गई। बृहस्पतिवार को आरोपी सुजीत को पुलिस टीम ने विश्वकर्मा मंदिर, फत्तूपुर दरगाह के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। एएसपी ने बताया कि गृह मंत्रालय का उस संस्था के साथ समन्वय स्थापित है। यह संस्था बच्चों के शोषण से जुड़े मामले में रिपोर्ट करती है।