औराई। कोतवाली क्षेत्र के सेऊर गांव में रविवार की रात रंगाई-पुताई करने वाले युवक की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। सोमवार की सुबह नहर के किनारे खेत में उसका शव मिला। एसपी समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक और डाग स्क्वायड टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन की। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने कुछ युवकों को पूछताछ के लिए उठाया।
सेऊर गांव के सरोज बस्ती निवासी नंदलाल सरोज के दो बेटों में शिवम कुमार सरोज (18) पिता के साथ रंगाई-पुताई करता था। रविवार शाम को करीब पांच बजे वह अपनी मां प्रमिला देवी को 300 रुपये देकर जल्दी आने की बात कह कहीं चला गया। रात में करीब नौ बजे वह चिकन लेकर आया और अपने चाचा मोतीलाल को देकर कहा अभी आता हूं। रात में करीब 10 बजे तक नहीं लौटा तो परिजन परेशान हो गए। सोमवार को सुबह शौच करने के लिए ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो घोसियां के उत्तर नहर के किनारे खेत में शिवम का शव पड़ा मिला। उसके सिर में गंभीर चोट के निशान थे। घटनास्थल से पुलिस चौकी मात्र एक किमी दूर है।
शिवम की अभी शादी नहीं हुई है। जानकारी मिलने पर सीओ नरेश कुमार और कोतवाल राम सरीख भी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता नंदलाल सरोज की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई। पुलिस चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक भी कोतवाली पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली। एसपी ने बताया कि मृतक के साथ देखे गए चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे।