गोपीगंज। कोतवाली के गांधी खोराबीर गांव के पास स्थित नहर में स्नान कर रहा युवक लापता हो गया। घटना जानकारी होते ही पहुंची गोताखोरों की टीम घंटाें नहर में युवक की तलाश करती रही।
गोपीगंज कोतवाली के चकसुंदरपुर निवासी शाह मोहम्मद का पुत्र नूर आलम उर्फ पप्पू अली (22) बृहस्पतिवार को घर से बाइक लेकर निकला। बताया जा रहा है कि गांधी के पास खोराबीर नहरा पुलिया पर पहुंचा। जहां बाइक खड़ी कर कपड़ा उतारकर नहर में कूद गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि वह पानी में एक बार निकला, उसके बाद दोबारा दिखाई नहीं पड़ा।
नहर में उसके साथ नहा रहे आधा दर्जन युवकों ने बताया कि उसे पानी में खोजने का प्रयास किया, न मिलने पर एक युवक उसकी बाइक लेकर उसके घर गया और घटना की जानकारी दी। मौके पर परिजनों के साथ पहुंची जंगीगंज चौकी पुलिस फायर ब्रिगेड के साथ रामपुर से गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरु करा दी गई। इसी बीच पहुंची एसडीआरएफ की टीम भी युवक को तलाशने में लगी रही। बताया जाता है कि युवक नौ भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। बताते हैं कि पिता मुंबई में है और मां अजमेर शरीफ गई हैं। खबर लिखे जाने तक युवक की तलाश जारी रही। बाइक और कपड़े नहर के पास मौजूद हैं।